Rajasthan Crime News: में एसीबी कोर्ट ने 15 साल पुराने रिश्वत मांगने के मामले में 2 हेड कॉन्स्टेबल को सजा सुनाई। होमगार्ड ड्यूटी लगाने की एवज में हेड कॉन्स्टेबल ने घूस मांगी थी। कोर्ट ने तत्कालीन हेड कॉन्स्टेबल अल्ताफ हुसैन और रामचरण यादव कार्यालय होमगार्ड छत्रपुरा कोटा को दोषी मानते हुए 3-3 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दोनों पर 30-30 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
साल 2011 में कोटा एसीबी चौकी में शिकायत दी थी
सहायक निदेशक अभियोजन जया गौतम ने बताया कि साल 2011 में परिवादी जुगराज और बुधराज ने कोटा एसीबी चौकी में शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि हम होमगार्ड सदस्य हैं। ड्यूटी लगाने को लेकर जब हेड कॉन्स्टेबल अल्ताफ हुसैन से फोन पर बात की तो उन्होंने ड्यूटी लगाने की एवज में अन्य साथी रामचरण, बुधराज औरअब्दुल हफीज से 50-500 रुपए लेकर आने की डिमांड की। हेड कॉन्स्टेबल अल्ताफ ने कहा कि इनसे पैसा लेकर आएगा, तभी तेरी ड्यूटी लगाऊंगा।
यह भी पढ़ें- Water Supply Update: बिजली शटडाउन और पाइपलाइन मरम्मत से बिगड़ेगी पानी सप्लाई, अजमेर सहित कई शहर प्रभावित
1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने ट्रेप कार्रवाई की। हेड कॉन्स्टेबल अल्ताफ हुसैन और सहयोगी हेड कॉन्स्टेबल रामचरण यादव को 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ साल 2013 में चालान पेश किया। कोर्ट में 21 गवाहों के बयान करवाए गए।










