rajasthanone Logo
Cyber Fraud Jodhpur : जोधपुर के बनाड़ पुलिस थाना क्षेत्र स्थित सारण नगर सी रोड निवासी रिटायर्ड अकाउंट ऑफिसर जयराम राठौड़ के साथ 1 लाख रूपये की साइबर ठगी हुई है।

Cyber Fraud Jodhpur : दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने जोधपुर के एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। फोन पर खुद को उनका पुराना मित्र बताने वाले ठग ने बेटी की गंभीर तबीयत और अस्पताल में भर्ती होने की झूठी कहानी सुनाकर मदद की गुहार लगाई। इसके बाद उसने बैंक ट्रांजैक्शन का झांसा देते हुए ऐसी चाल चली कि बुजुर्ग बिना खाते की पुष्टि किए ही 1 लाख रुपए आरोपी के बताए खाते में ट्रांसफर कर बैठे। जब उन्हें पूरे घटनाक्रम का पता चला तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

 

क्या है पूरा मामला?

 

जोधपुर के बनाड़ पुलिस थाना क्षेत्र स्थित सारण नगर सी रोड निवासी रिटायर्ड अकाउंट ऑफिसर जयराम राठौड़ के साथ 1 लाख रूपये की साइबर ठगी हुई है। दरअसल, 24 जुलाई को जयराम के पास एक फोन कॉल आता है। सामने से बोल रहे व्यक्ति ने खुद को जयराम का पुराना दोस्त बताया और इसमें ध्यान देने वाली बात यह थी कि उस व्यक्ति की आवाज भी उनके पुराने दोस्त से मिलती थी। पीड़ित जयराम का दोस्त बताने वाले व्यक्ति ने कहा कि उनकी बेटी की हालत बहुत ज्यादा खराब है और वह जयपुर के अस्पताल में भर्ती है। उसे बेटी के इलाज के लिए 1 लाख रुपए की जरूरत है, जो उसके अकाउंट से ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं। आरोपी ने कहा कि मैं तुम्हारे अकाउंट में ट्रांसफर कर देता हूं तुम डॉक्टर के अकाउंट में ट्रांसफर कर देना।

 

पीड़ित के पास आए फर्जी मैसेज

 

इसके बाद पीड़ित के पास लगातार तीन मैसेज अकाउंट में पैसे जमा होने के आए। पीड़ित ने बिना अकाउंट बैलेंस चेक किए बिना आरोपी के बताए डॉक्टर के नंबर पर 1 लाख रूपये भेज दिए। लेकिन बाद में जैसे ही पीड़ित ने अपना खाता चेक किया तो हैरान रह गए क्योंकि उनके खाते में एक लाख रुपए जमा ही नहीं हुए। पीड़ित ने अपने दोस्त को कॉल करके सारी घटना बताई लेकिन उसने कहा कि मैंने कोई कॉल किया ही नहीं। ऐसे में पीड़ित जयराम साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

5379487