Water Billing System: जयपुर के जल उपभोक्ताओं को पानी के बिल और जानकारी के लिए अब दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ट्रायल पर चल रहे 'जयपुर वाटर बिलिंग सिस्टम' को मंगलवार शाम से उपभोक्ताओं के लिए लॉन्च कर दिया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि आने वाले बिलों पर क्यूआर कोड दिया जाएगा। इसे मोबाइल से स्कैन कर उपभोक्ता अपने बिल और खाते से जुड़ी जानकारी देख सकेगा।

जलदाय विभाग के एडिशनल सीई अजय सिंह राठौड़ के अनुसार सिस्टम अब तक परीक्षण के तौर पर चलाया जा रहा था। ट्रायल में सामने आई जरूरतों के अनुसार इसमें उपभोक्ता सुविधाएं जोड़ी गईं। पोर्टल पर न्यू रजिस्ट्रेशन, लॉगिन रजिस्टर, शो बिल, चेक लास्ट बिल, पे वॉटर बिल, टैरिफ और सेव वॉटर की सुविधाएं हैं।

नए पोर्टल से घर बैठे मिलेगी पूरी जानकारी

इसके साथ ही राठौड़ ने बताया कि उपभोक्ता सीआई नंबर और मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन कर पुराने बिलों और भुगतान रिकॉर्ड की जानकारी देख सकेगा। पोर्टल पर बिल भुगतान और मोबाइल नंबर अपडेट करने का विकल्प मिलता है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार जयपुर शहर में हर बिलिंग साइकिल में करीब 1 करोड़ का जल राजस्व जमा होता है।

यह भी पढ़ें- New Vehicle Tax Exemption: राजस्थान में वाहन स्क्रैपिंग पर नई व्यवस्था लागू, अब स्क्रैप सर्टिफिकेट के नाम से ही मिलेगी टैक्स छूट

सीआई नंबर जलदाय विभाग के रिकॉर्ड में उपभोक्ता के कनेक्शन की विशिष्ट पहचान है। नए पोर्टल में इसी नंबर और मोबाइल डिटेल के आधार पर उपभोक्ता अपने खाते तक पहुंच सकेगा। गौरतलब है कि जलदाय विभाग के सामने उपभोक्ताओं से बकाया वसूलना बड़ी चुनौती है।