Gold Silver Update: अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान कीमतों में तेजी के असर से सोमवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोना और चांदी के भाव में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोना स्टैंडर्ड 1,300 रुपए प्रति दस ग्राम और 22 कैरेट जेवराती सोना 1,200 रुपए प्रति दस ग्राम महंगा हो गया। वहीं चांदी के दाम में 3,700 रुपए प्रति किलोग्राम की उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली।
अमेरिकी वायदा एक्सचेंज कॉमेक्स में अगस्त डिलीवरी सोना 29 डॉलर घटकर 4216.90 डॉलर तथा जुलाई डिलीवरी चांदी 0.174 डॉलर की गिरावट से 66.145 डॉलर प्रति आउंस पर ट्रेड कर रही थी। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी, जयपुर के भाव : चांदी (999) 244 रुपए प्रति ग्राम। सोना स्टैंडर्ड 15,050, 22 कैरेट सोना जेवराती 13,950, 18 कैरेट जेवराती सोना 11,740 और 14 कैरेट जेवराती सोना 9,330 रुपए प्रति ग्राम।
विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज जलमार्ग को सुरक्षित बनाए रखने के प्रयासों और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित शांति समझौते के रोडमैप से वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना है। इसके अलावा ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट से वैश्विक महंगाई को लेकर चिंताएं भी कम हुई हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: कहीं राहत की बारिश, कहीं सताने वाली उमस; 19 जिलों में आज आंधी-बारिश की चेतावनी
ब्रेंट क्रूड में गिरावट से वैश्विक स्तर पर महंगाई का डर कम हुआ। एचडीएफसी सिक्युरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, आगे सोने-चांदी की कीमतों का रुख अमेरिका के आगामी पीसीई प्राइस इंडेक्स जीडीपी के आंकड़ों पर निर्भर करेगा। ये आंकड़े फेडरल रिजर्व की भविष्य की नीति स्पष्ट करेंगे। ऐसें में बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक संकेतकों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के चलते निकट भविष्य में सोना-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।








