Rajasthan Weather: राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम सुहाना हो रहा है, तो वही कुछ हिस्सों में लोग भीषण गर्मी के चलते परेशान हैं। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा 19 जिलों में आज आंधी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीते दिन यानी सोमवार को आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन मौसम साफ रहा। इसके साथ ही बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और उदयपुर संभाग के एरिया में गर्मी-उमस रही। बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिली। 22 जून के लिए मौसम विभाग ने बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके उलट इन संभाग के एरिया में गर्मी-उमस का मौसम रहा। दोपहर बाद शाम को करौली, सवाई माधोपुर, दौसा के आसपास के एरिया में हल्के बादल छाए और कुछ स्थानों पर शाम को हल्की बारिश हुई।
प्री-मानसून की बारिश का अच्छा दौर चल रहा
इस बार मानसून कमजोर की भविष्यवाणी जारी हुई थी, लेकिन राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश का अच्छा दौर चल रहा है। राजस्थान में 1 से 21 जून तक राज्य में सामान्य से 41 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। इस दौरान सामान्य बारिश 28MM होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 39.3MM औसत बरसात हो चुकी है। ऐसे में अगर जयपुर की बात करें को बीते दिन यानी सोमवार दिनभर गर्मी, उमस रही। वहीं अधिककम तापमान करीब 1.3 डिग्री चढ़कर 37.3 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। दोपहर बाद जयपुर के कुछ एरिया में आसमान में बादल छाए। इसके साथ ही आपको बता दें कि माधोराजपुरा में 1MM बारिश हुई, जबकि फागी, शिवदासपुरा, सांगानेर एरिया में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई।










