rajasthanone Logo
Jaipur Municipal Election: जयपुर के 150 वार्डों समेत पंचायतीराज पदों का आरक्षण होगा। ऐसे में 17 और 18 अगस्त को तस्वीर तय होगी।

Jaipur Municipal Election: जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 और पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) एवं कलेक्टर संदेश नायक ने नगरीय निकायों के वार्डों और पंचायतीराज संस्थाओं के अलग-अलग पदों के आरक्षण निर्धारण एवं श्रेणीवार आवंटन का कार्यक्रम जारी किया है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजस्थान नगर पालिका निर्वाचन अधिनियम-2009 एवं नियम-1994 के तहत नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के वर्गवार आरक्षण और महिला आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, जयपुर में निकाली जाएगी। प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे जयपुर जिले की नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के वार्डों के वर्गवार एवं महिला आरक्षण की लॉटरी शुरू होगी।
 
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत 18 अगस्त को जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला आरक्षण का निर्धारण और श्रेणीवार आवंटन किया जाएगा।

दो स्तरों पर होगी प्रक्रिया

सुबह 9 बजे: संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालयों पर ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण का निर्धारण एवं आवंटन ।

दोपहर 2 बजेः कलेक्ट्रेट सभागार, जयपुर में जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति प्रधानों एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया संपन्न होगी।

कलेक्टर (पंचायत) संदेश नायक के आदेशानुसार यह पूरी प्रक्रिया पंचायतीराज अधिनियम, 1994 के प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।

5379487