Illegal Construction: जयपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ जेडीए की बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर के दायरे में सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माण को हटाया जा रहा है। आज गुर्जर की थड़ी चौराहे से लजीज रेस्टोरेंट तक एक किमी एरिया में दो दर्जन से ज्यादा अवैध निर्माण पर बुलडोजर चल रहा है। सड़क सीमा में आ रहे रैम्प, फुटपाथ, टिनशेड, सीढ़ियां और बाउंड्री वॉल को तोड़ा गया है।

3 किमी सड़क को 100 फीट करने की तैयारी

यह सड़क 100 फीट चौड़ी है, लेकिन काफी जगह अवैध निर्माण की वजह से इसकी चौड़ाई 40 से 60 फीट तक ही रह गई है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस पूरी सड़क को 100 फीट करने की तैयारी की जा रही है। जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। ऐसे में निर्धारित समय सीमा से पहले अवैध निर्माण हटाकर रिपोर्ट तैयार करने की कवायद की जा रही है। बड़ी संख्या में पुलिस का जाब्ता मौके पर तैनात है। गुर्जर की थड़ी से न्यू सांगानेर रोड पर संजीवनी हॉस्पिटल की तरफ रास्ता बंद किया गया। ट्रैफिक भी डायवर्ट किया है। जो अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं, उन्हें जेडीए की ओर से पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं।

व्यापारियों ने जताया विरोध

इस बीच व्यापारियों ने अपने स्तर पर ही अवैध निर्माण हटाने और दुकानें खाली करने की शुरुआत कर दी थी। हालांकि कार्रवाई के विरोध में मौके पर व्यापारी जुट गए। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की कार्रवाई से उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। इस कार्रवाई से दुकानों और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।