Jaipur Traffic Relief: प्रतापनगर और टोंक रोड से डिग्गी मालपुरा रोड मुहाना मंडी जाने वालों के लिए राहत वाली खबर है। जेडीए हल्दी घाटी मार्ग और मुहाना मंडी मोड़ को कनेक्ट करने के लिए जयपुर-सवाईमधोपुर रेलवे लाइन के नीचे टूलेन अंडरपास बनाएगा। साथ ही नहर के समानांतर चार किलोमीटर लंबी 160 फीट रोड भी बनाएगा। अब इन्हें 6 किमी के बजाय 4 किमी ही सफर करना होगा। मुहाना मोड़ से हल्दी घाटी मार्ग सीधा कनेक्ट होने से 20 से 25 हजार वाहन चालकों के 20 मिनट बचेंगे। पीडब्ल्यूसी मीटिंग में अंडरपास प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है।
अक्टूबर से शुरू होगा काम
बताया जा रहा है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जेडीए अक्टूबर तक काम शुरू करेगा। वहीं नौ महीने में इस 440 मीटर लंबे प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा। अंडरपास की हाइट 5.5 मीटर और चौड़ाई 9 मीटर रहेगी। अंडरपास टूलेन में बनेगा, ताकि भारी वाहन भी निकल सके।
आपको बता दें कि वर्तमान में डिग्गी मालपुरा रोड से हल्दी घाटी जाने वाला ट्रैफिक सांगानेर मालपुरा गेट वाया सांगानेर थाने पुलिया से गोशाला होते हुए हल्दी घाटी मार्ग पहुंचता है। यह रूट 6 किमी लंबा है और ट्रैफिक जाम से प्रभावित है। सांगानेर मालपुरा गेट, स्टेडियम, सांगा सेतु पुलिया से टोंक रोड तक जाम के चलते हल्दी घाटी तक पहुंचने में 30 से 40 मिनट लगते हैं। अंडरपास बनने के बाद ट्रैफिक मुहाना मोड़ से नहर के बराबर से होते हुए अंडरपास से होते हुए सीधे हल्दी घाटी मार्ग पहुंचेगा। यह रूट सीधे जगतपुरा से कनेक्ट होगा। नहर के बराबर सड़क की चौड़ाई भी बढ़ेगी। इससे मुहाना मोड़ से हल्दीघाटी पहुंचने में 2 किमी कम सफर करना होगा। साथ ही 10 से 15 मिनट में पहुंच जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Alwar News: सैलरी में देरी से भड़के सफाईकर्मी, राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में 60 कर्मचारियों ने काम छोड़ा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जेडीए हल्दीघाटी मार्ग, मानसरोवर शिप्रा पथ और लिलीपुल के बाद मुहाना स्थित स्वर्ण विहार योजना में 2170 वर्गमीटर में नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाएगा। कॉम्प्लेक्स में बॉक्स क्रिकेट, लॉन टेनिस कोर्ट, बच्चों का खेल मैदान और पार्किंग डवलप करेगा। कॉम्प्लेक्स पर 2.57 करोड़ रुपए खर्च होंगे।







