Jaipur JDA News: आगरा रोड पर गोनेर मोड़ के पास खानिया बंधे के एक्सीडेंट जोन में हादसे रोकने के लिए 160 फीट का सर्किल बनाने निकले जेडीए को अपनी ही करीब ढाई बीघा जमीन पर दुकानें और ढाबा संचालित होते मिले। जेडीए के स्वीकृत नक्शे और मास्टर प्लान में यह सड़क 200 फीट प्रस्तावित है, लेकिन मौके पर महज 60 फीट चौड़ाई उपलब्ध होने का दावा है। यानी प्रस्तावित चौड़ाई के मुकाबले 140 फीट जगह कम है। खास बात यह है कि स्थानीय लोग 5 साल में 8 बार लिखित शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद कब्जे नहीं हटे। अब जोन-10 की इंजीनियरिंग शाखा ने अतिक्रमण हटाने के लिए जोन उपायुक्त और विजिलेंस शाखा को पत्र लिखा है। कब्जे हटने के बाद ही प्रस्तावित सर्किल का काम शुरू हो सकेगा।
जेडीए ने ड्रोन से तस्वीरें लेकर मौके की स्थिति देखी। राजस्व रिकॉर्ड से मिलान करने पर करीब ढाई बीघा जमीन पर अतिक्रमण सामने आए। यहां दुकानों और ढाबे के अलावा तीन किराना स्टोर और दो शराब के ठेके भी संचालित हैं। दूसरी तरफ बजरी माफियाओं के ट्रक खड़े रहते हैं। अन्य थड़ियों ने भी सड़क बाधित कर रखी है। आसपास बड़े-बड़े भवन बन चुके हैं। ऐसे में सर्किल के लिए जमीन खाली कराना जरूरी हो गया है। जेडीए की योजना गोनेर रोड पर खानिया बंधे से लूणियावास चौराहे और इंदिरा गांधी नगर तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की है।
आपको बता दें कि गोनेर रोड, आगरा रोड और खोनागोरियान के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। आसपास आबादी और कॉलोनियां बढ़ने से वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। वहीं, जेडीए के पुराने परियोजना दस्तावेजों में गोनेर रोड पर दांतली के पास रेलवे क्रॉसिंग पर छह लेन का रेल ओवरब्रिज प्रस्तावित किया गया था। इसकी लंबाई करीब 800 मीटर और चौड़ाई 24.60 मीटर रखी गई थी। पुल के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने की योजना भी थी, ताकि रेलवे फाटक पर बार-बार रुकने वाले यातायात को सुगम बनाया जा सके।