Ajmer Traffic Diversion: गुलाबबाड़ी रेल फाटक (एलसी-44) पर बन रहे आरओबी के निर्माण कार्य के तहत बुधवार से एकता नगर का रास्ता सात दिन के लिए बंद कर दिया गया। यह ब्लॉक गर्डर रखने के लिए आरएसआरडीसी ने रेलवे से लिया है। हालांकि पहले दिन निर्माण स्थल पर अपेक्षित हलचल नहीं दिखी और कार्य गति सामान्य रही। आरएसआरडीसी के अनुरोध पर ट्रैफिक पुलिस ने एकता नगर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। मौके पर बैरिकेडिंग की गई और दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। 

एकता नगर मार्ग पर आवाजाही बंद

चौपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जबकि कई वाहनों को वापस लौटाया गया। कई स्थानों पर 'नो एंट्री' के बोर्ड भी लगाए गए। नाका मदार, जेपी नगर और नेहरू नगर की ओर जाने वाले वाहनों को अब बड़लिया इंजीनियरिंग कॉलेज और घूघरा घाटी (जयपुर रोड) के रास्ते डायवर्ट किया गया है। वहीं श्रीनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नसीराबाद आड़ी पुलिया से कल्याणीपुरा फाटक होते हुए शहर मैं प्रवेश करना पड़ रहा है। 

यह भी पढ़ें- Alwar Train Accident: मोबाइल पकड़ने की कोशिश में चलती ट्रेन से गिरा युवक, हालत गंभीर

आरएसआरडीसी के अनुसार मेयो कॉलेज की ओर आरओबी के चार पियर कैप और पिलरों पर स्पान का काम पूरा किया जाएगा। इसके लिए साइट पर क्रेन पहले ही मंगाई जा चुकी है। गुरुवार से गर्डर लॉन्चिंग का कार्य शुरू होने की संभावना है। अजमेर-चित्तौड़गढ़ रेलखंड पर हटूंडी राजोसी स्टेशनों के बीच स्थित समपार फाटक संख्या-08 पर मरम्मत कार्य के कारण यह 25 से 27 जून 2026 तक पूर्णतः बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में फाटक संख्या-09 और अंडरपास (आरयूबी) संख्या-10 का उपयोग करने की सलाह दी है।