Bikaner Fire: बीकानेर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल हीरालाल मॉल और रेस्टोरेंट में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग रेस्टोरेंट की किचन में लगी थी। वहीं धुआं और आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही पांच दमकल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर मॉल की तरफ आने वाले दोनों रास्तों को बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। शनिवार सुबह रेस्टोरेंट के पीछे वाले हिस्से में रखे सामान में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में आग की लपटें और धुआं ऊपर आसमान तक दिखाई देने लगा।
लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया
मिली जानकारी के मुताबिक, आग रेस्टोरेंट की किचन में लगी थी। सूचना मिलते ही वहां मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। होटल संचालक के अनुसार, आग किचन की चिमनी में लगी थी। चिमनी में कई साल से ऊपर तक तेल जमा था। अब इसी तेल ने आग पकड़ ली। उनका कहना है कि जब तक जमा तेल पूरी तरह जल नहीं जाता, तब तक धुआं निकलता रहेगा। संचालक के अनुसार आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
आसपास का इलाका बंद
आग की सूचना मिलते ही पांच फायर ब्रिगेड एक साथ मौके पर पहुंचीं। कोटगेट पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका बंद कर दिया। मॉल की तरफ आने वाले दोनों रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि दमकलों को आग बुझाने में परेशानी न हो। होटल के आसपास की दूसरी होटलों में भी पर्यटक ठहरे हुए थे। आग की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोग भी बाहर आ गए।
किसी के घायल होने या किसी दूसरे नुकसान की सूचना नहीं
एहतियात के तौर पर सभी लोगों को एक बार बाहर निकाल लिया गया था। बाद में स्थिति सामान्य होने पर सभी अपने-अपने कमरों में वापस चले गए। आग की घटना में किसी के घायल होने या किसी दूसरे नुकसान की सूचना नहीं है। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि आग से रेस्टोरेंट की किचन में रखा सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग से रेस्टोरेंट की किचन में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारण और इससे हुए नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है।