Kota News:   कोटा में हैंगिंग ब्रिज टोल प्लाजा पर लोकल पात्र वाहनों को अब 1500 रुपये में पूरे साल का पास मिल सकेगा। वहीं, लोकल वाहनों से प्रत्येक बार 85 रुपए टोल वसूले जाने और पुरानी छूट के बीच NHAI भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कहा है कि नगर निगम/नगरपालिका व स्थानीय नगरीय सीमा में स्थित टोल प्लाजा के करीब 20 किमी में रहने वाले पात्र गैर व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए लोकल पास की दर 3 हजार रुपये निर्धारित की गई है। 

 राजमार्ग यात्रा ऐप से होगा ऑनलाइन काम  
सबसे खास बात ये है कि, इस पास की वैलिडिटी 365 दिन होगी और इस दौरान हैंगिंग ब्रिज से कितनी भी बार आना-जाना कर सकेंगे। यानी 200 ट्रिप की कोई लिमिट नहीं होगी। वहीं, 3075 रुपए का एक एनुअल पास भी है, जिसमें देशभर के टोल प्लाजा पर 200 ट्रिप मिलेंगी।लोकल पास राजमार्ग यात्रा ऐप के जरिए ऑनलाइन बनवा सकते हैं। यानी अब हैंगिंग ब्रिज से रोज गुजरने वालों के पास टोल बचाने का विकल्प है।

एनुअल पास से मिलेंगे 200 ट्रिप 

इसकी खास बात ये हैं कि, जो वाहन चालक लोकल पास नहीं बनवाना चाहते या किसी कारण उनका पास नही बना है, वे 3075 रुपए में वार्षिक पास बनवा सकते हैं। इस पास को बनवाने के बाद करीब 200 ट्रिप की सुविधा मिलेगी। बता दें कि अब ये सभी टोल प्लाजा पर मान्य होगा। इस हिसाब से हैंगिंग ब्रिज टोल प्लाजा से गुजरने पर प्रति ट्रिप करीब 15 रुपए का खर्च आएगा, पहले की तरह 85 रुपये नहीं। 

क्या है लोकल पास और एनुअल पास

NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने कहा है कि लोकल पास और वार्षिक पास में अंतर है। लोकल पास केवल आपको संबंधित टोल प्लाजा पर मान्य होगा, लेकिन इसमें 365 दिन यानी 1 साल तक असीमित ट्रिप की सुविधा मिलेगी। वहीं, 3075 रुपए का वार्षिक पास देशभर के टोल प्लाजा पर मान्य होगा, लेकिन इसमें अधिकतम 200 ट्रिप ही मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- Train News: जयपुर-बांद्रा स्पेशल में लगेगा अतिरिक्त AC कोच, इन ट्रेनों में भी बढ़ेंगी जनरल बोगियां