Baran Accident: बारां जिले में घर में खेल रही तीन बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। सुबह बच्चियां घर में खेल रही थीं। माता-पिता खेत में काम करने गए थे। तीनों मासूम घर में लगे कूलर में करंट आने से झुलस गईं। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और अवंतिका (6), सलोनी (4) और संध्या (2) को गंभीर हालत में हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। मामला सदर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का शनिवार सुबह का है। बच्चियों के परिजने खेत में मजदूरी करते हैं
कूलर में करंट आने से तीनों झुलसी
वहीं नवल किशोर मीणा ने बताया कि मध्यप्रदेश के निहालदेवी निवासी मदनलाल सहरिया फतेहपुर गांव में एक किसान के यहां मजदूरी करता है। शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उसकी तीनों बेटियां घर पर थीं। इसी दौरान कूलर में करंट आने से तीनों झुलस गईं।
शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया
वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग पहुंचे और बच्चियों को हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टरों द्वारा तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया। आपको बता दें कि पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एक साथ 3 मासूम बेटियों की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।







