Banswara Murder Case: बांसवाड़ा से बहुत ही दिल दहला देना वाला मामला सामने आया है। जहां पत्नी के बार-बार पीहर जाने से नाराज युवक ने सास की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। जिसके कारण वह अपने पीहर में रहती थी। कुछ दिन पहले आरोपी ने सास को जान से मारने की धमकी भी दी थी। शनिवार को आरोपी बाइक से अपने ससुराल पहुंचा और घर के बाहर बैठी सास के सिर पर नल फिटिंग करने वाले पाने से ताबड़तोड़ कई वार किए। वहीं चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी दामाद फरार हो गया। लोग गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला को महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी दामाद की तलाश तेज कर दी है।

मामला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का शनिवार सुबह 11 बजे का है। मृतका ललिता देवी (60) घटना के समय घर पर अकेली थीं। उनकी बेटी मंजू काम पर गई थी। घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर खून से सना हुआ पाना और चाबी मिली पुलिस ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी ललिता पत्नी देवीलाल डाबी (60) घर में अकेली थीं। उनके पति और बेटे की पहले ही मौत हो गई थी। कॉलोनी में बर्तन धोकर गुजारा करती थीं। मृतका की बेटी दीपिका की शादी करीब 10 साल पहले लोधा निवासी संजय डिंडोर पुत्र कालू डिंडोर के साथ हुई थी। आरोपी दामाद नल फिटिंग का काम करता है। उसके तीन बच्चे (दो लड़के और एक लड़की) हैं।
 
परिजनों ने बताया कि आरोपी दामाद संजय डिंडोर आए दिन दीपिका के साथ मारपीट करता था। घरेलू कलह से तंग आकर दीपिका पिछले तीन महीने से अपनी मां के घर पर रह रही थी। कुछ दिन पहले आरोपी ने पत्नी को घर न लौटने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद वह ससुराल गई थी। संजय ने फिर दीपिका के साथ मारपीट की। जिससे वह वापस अपनी मां के पास आ गई।