Banswara News: बांसवाड़ा में सरस डेयरी के कर्मचारी को अजगर ने काट लिया। कर्मचारी ने साथियों की मदद से उसे बाल्टी में डाला और अस्पताल लेकर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर कर्मचारी ने खुद ही चुन्नी से अपने पैर पर पट्टी बांध ली। जैसे ही वह अजगर लेकर अस्पताल पहुंचा तो स्टाफ में हड़कंप मच गया। युवक ने अपने पैर पर काटे का निशान दिखाते हुए कहा- इसने काटा है, इलाज कर दीजिए।
डॉक्टरों ने अजगर की पहचान कर कर्मचारी का इलाज शुरू किया और एंटी वेनम लगाया है। गिरीश (45) के मुताबिक बुधवार रात सरस दूध डेयरी परिसर में काम के दौरान अचानक अजगर ने उसे काट लिया। अजगर के काटते ही उसे दर्द हुआ और वह जोर से चिल्लाने लगा। कुछ ही देर में उसकी आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। उसकी आवाज सुनकर साथी कर्मचारी दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। इसके बाद अजगर को पकड़ कर बाल्टी में डाल दिया। युवक को एमजी हॉस्पिटल ले गए।
एमजी हॉस्पिटल के डिप्टी PMO डॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि युवक की स्थिति ठीक थी, उसे एन्टी वेनम इंजेक्शन और जरूरी दवाइयां दी गई थी, जिससे उसकी जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। मामले को लेकर रिटायर्ड रेंजर सज्जन सिंह राठौड़ ने कहा- अजगर में जहर नहीं होता लेकिन, काटने पर उसके दांत इंसान के शरीर में रह जाते हैं। ऐसे में इंफेक्शन का खतरा रहता है। वहीं कई बार घबराहट की वजह से भी इंसान की जान जाने का डर रहता है।








