Jodhpur News:  जोधपुरवासियों के लिए स्वास्थ्य से जुड़ी अच्छी खबर है। अब शहर में ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर इलाज की सुविधा मिलने वाली है,  क्योंकि जोधपुर में एम्स का एक और कैंपस तैयार होने जा रहा है। बता दें कि, इस नये  परिसर शुरु होने पर जोधपुर नागौर मार्ग के आसपास बसे सैंकड़ों गांवों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। ये एम्स 24 घंटे आपातकाल की सुविधा के साथ तैयार किया जा रहा है। इस एम्स के बनने के बाद लोगों को शहर के अस्पतालों में भटकना नही पड़ेगा। 

कई बीमारियों का होगा इलाज
दरअसल, शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर नेतड़ा में एम्स का दूसरा परिसर बनाया जा रहा है।  इसके लिए 220 बीघा जमीन तय की गई है। यहां 100 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल में खास बात ये है कि,  इस एम्स में  मेडिसिन, सर्जरी, बर्न, स्त्री रोग समेत कई बीमारियों के इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही,  रेडियोलॅाजी, अल्ट्रासाउंड और प्रयोगशाला जैसी जांच की सुविधा भी उपलब्ध होंगी। सुपर स्पेशियालिटी सेवाएं शहर स्थित एम्स परिसर में ही संचालित रहेंगी। 

ग्रामीणों को मिलेगा पूरा फायदा
इस अस्पताल के बनने से जोधपुर नागौर मार्ग के साथ आसपास के जिलों और ग्रामीण इलाकों के मरीजों को भी फायदा होगा। उन्हें इलाज के लिए हर बार शहर के एम्स तक नहीं आना पड़ेगा। फिलहाल, अस्पताल परिसर की चारदीवारी का काम पूरा हो चुका है और अब अगले चरण के काम का इंतजार है। नए डायरेक्टर के आने के बाद आगे की कार्ययोजना की जायेगी। बता दें कि भवा का नक्शा और डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया अभी चल रही है। इस अस्पताल में 24 घंटे आपातकाल की सुविधा भी होगी। यानी आने वाले समय में नेतड़ा का ये एम्स कैंपस पश्चिमी राजस्थान के लोगों के लिए इलाज का एक बड़ा केंद्र बन सकता है।