Ajmer Development News: अजमेर शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्से को जोड़ने वाली लंबे समय से विवादों में रही उत्तर-दक्षिण सड़क का निर्माण अब पूरा किया जाएगा। अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से सेशन कोर्ट चौराहे से सीआरपीएफ ब्रिज तक 2.1 किलोमीटर लंबी सड़क और डिवाइडर का निर्माण कराया जाएगा। आपको बता दें कि इस परियोजना पर करीब 2.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने शनिवार सुबह सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
आपको बता दें कि निर्माण कार्य करीब आठ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह सड़क पिछले साल उस समय विवाद में आ गई थी, जब पीडब्ल्यूडी ने सेशन कोर्ट चौराहे से सीआरपीएफ ब्रिज तक केवल उत्तर विधानसभा क्षेत्र की तरफ सड़क का निर्माण कराया, जबकि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की तरफ का हिस्सा जर्जर हालत में छोड़ दिया गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और मामला राजनीतिक स्तर पर भी उठा। सरकार ने इस संबंध में रिपोर्ट भी तलब की थी। आपको बताते चलें कि हाल में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की बैठक में विधायक अनिता भदेल ने इस मामले को उठाया था। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी ने एडीए को पूरे मार्ग की बजाय केवल आधी सड़क के निर्माण की एनओसी दी थी, जिससे पूरा मार्ग विकसित नहीं हो सका। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे मार्ग का विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिलान्यास के दौरान विधायक अनिता भदेल ने बताया कि परियोजना में केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि डिवाइडर का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा। डिवाइडर को पहले से चौड़ा बनाया जाएगा और उस पर ऊंची स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही डिवाइडर पर किशनगढ़ की तर्ज पर लंबे पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ ब्रिज की दोबारा कारपेटिंग कराई जाएगी और ब्रिज की रेलिंग पर भी रंग-रोगन कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि इस मार्ग से कोर्ट परिसर, केंद्रीय बस स्टैंड, कुंदन नगर रोड और डीआरएम कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। अजमेर मंडल से आने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग सुगम होगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद यह शहर की प्रमुख प्रवेश सड़कों में शामिल होगी।








