ACB Trap: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर ग्रामीण के अमरसर थाना क्षेत्र में ट्रेप कार्रवाई करते हुए 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते दलाल और पुलिस हेड कॉन्स्टेबल को मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोप है कि पुलिस थाने में दर्ज परिवाद को रफा-दफा कर परिवादी के पक्ष में रिपोर्ट बनाने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी।
ACB के डीआईजी सेकेंड ओमप्रकाश मीणा के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि अमरसर थाने में दर्ज परिवाद को खत्म करने और उसके पक्ष में रिपोर्ट बनाने के लिए हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल आर्य 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद ACB जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल आर्य द्वारा 50 हजार रुपए मांगना सामने आया। बाद में 40 हजार रुपए में रिश्वत लेने पर सहमति बनी थी।
ट्रेप कार्रवाई के दौरान अमरसर में शराब ठेके का सेल्समैन राकेश कुमार मीणा ने हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल आर्य के लिए परिवादी से 40 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। इस दौरान ACB टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर पूछताछ की गई। बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई ACB जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने डीआईजी पुलिस-द्वितीय ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र के नेतृत्व में की। ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।








