rajasthanone Logo
Rajasthan Heatwave School Timing: संगठन ने मांग की है कि स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से 11 बजे तक किया जाए, ताकि बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी से राहत मिल सके। आइए जानते हैं पूरी खबर।

Rajasthan Heatwave School Timing: भीषण गर्मी के बीच राजस्थान के कई जिलों में स्कूल समय को लेकर असमानता का मुद्दा सामने आया है। जहां जयपुर और कोटा में तापमान बढ़ने के चलते स्कूलों का समय पहले ही बदल दिया गया है, वहीं अजमेर में छात्र अब भी दोपहर की तेज धूप में घर लौटने को मजबूर हैं।

स्कूल टाइमिंग को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा

राज्य में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। वहीं तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचने के साथ ही स्कूल टाइमिंग को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को यह मुद्दा तब सामने आया जब अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा), अजमेर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने स्कूलों का समय सुबह 7:30 से 11 बजे तक करने की मांग की। महासंघ का कहना है कि 11 बजे के बाद तेज गर्मी में बच्चों की छुट्टी होती है, जिससे लू लगने और स्वास्थ्य पर असर का खतरा बढ़ जाता है।

गर्मी का सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ रहा

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल समय परिवर्तन का प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा जा रहा है। स्कूलों में मिड-डे मील के बाद छुट्टी के समय तापमान सबसे अधिक रहता है। छोटे बच्चे पैदल या सीमित साधनों से घर लौटते हैं, जिससे गर्मी का सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में महासंघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नरूका, जिला मंत्री गुमान सिंह जादौन, जिला संगठन मंत्री सत्यनारायण शर्मा, शिवराज चौधरी, नसीर काठात, रामदयाल, चेतन प्रकाश व्यास, रोहिताश सारस्वत, महेंद्र चौधरी, गोविंदराम जांगिड़, मोजेंद्र सिंह, गुरु प्रसाद ऋषि, रामस्वरूप रैगर, यशवंत जादम, अनिल महावर, मोहित कंसारा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

5379487