Rajasthan Education: राजस्थान के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए गजब की खबर सामने आई है। बता दें की अब उनको खाली कक्षाओं में बैठकर घंटो तक शिक्षकों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा क्योंकि शिक्षा विभाग ने बड़े स्तर पर शिक्षकों की नियुक्तियों और नए क्लासरूम के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। जिसका सीधा फायदा बाड़मेर के सरकार स्कूलों को होगा।
शिक्षा व्यवस्था सुधारना महाअभियान
राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और बेहतर करने के लिए सरकारी स्कूलों में 48 हजार नियुक्तियां होंगी। इससे बाड़मेर समेत पूरे प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी। दरअसल, दिसंबर 2023 में भजनलाल सरकार के गठन के बाद से ही शिक्षा विभाग में खाली पदों को भरने और व्यवस्था सुधारने का यह महाअभियान शुरू किया गया था। जिसके बाद 48 हजार पदों के लिए परीक्षा हुई और अब विभिन्न संवर्गों में कुल 48 हजार 465 नई नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
इसके अलावा स्कूलों में कामकाज को और अच्छा बनाने के लिए 19 हजार सहायक कर्मचारियों को भी लगाया गया है और 66 हजार 47 शिक्षकों व कार्मिकों को प्रमोशन दिया गया है। खास बात यह है बाड़मेर सहित राजस्थान के सभी 41 जिलों के सरकारी स्कूलों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
शिक्षकों के साथ सुधरेंगे क्लासरूम व्यवस्था
शिक्षा विभाग का कहना है कि शिक्षकों के साथ-साथ स्टाफ की कमी को भी दूर किया जा रहा है, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। इतना ही नहीं विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए प्रदेश में 83 हजार नए क्लासरूम बनाने की भी योजना है। बाड़मेर के स्कूलों में भी जल्द इसका लाभ मिलने वाला है।