Fire News: जयपुर में रविवार को लो फ्लोर बस में अचानक आग लग गई। चलती बस में इंजन से धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस को रोककर सभी को नीचे उतारा गया। बस कालवाड़ से चांदपोल जा रही थी। मिली जानकारी के मुताबिक, बस में आग इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई। आग बढ़ने के साथ बस से धुआं निकलने लगा। यात्रियों ने तत्काल बाहर निकलना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद बस को मौके से हटाया गया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है।
वहीं, घटना के बाद बस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बस में रखा अग्निशमन यंत्र खाली मिला। अगर आग लगने के शुरुआती समय में अग्निशमन यंत्र काम करने की स्थिति में होता तो आग पर तुरंत काबू पाने में मदद मिल सकती थी, हांलाकि मौके पर पानी के टैंकर पहुचने से आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया।
आपको बता दें कि जयपुर में इससे पहले भी चलती बसों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। हर घटना के बाद बसों की फिटनेस और रखरखाव को लेकर सवाल उठते हैं, लेकिन कुछ समय बाद व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौटती दिखाई देती है। रविवार की घटना के बाद एक बार फिर शहर में चल रही लो-फ्लोर बसों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जरूरत सामने आई है।









