Kitchen Cleaning Hacks: कढ़ाई का इस्तेमाल हर घर में तकरीबन रोज होता है। कभी पूरी तलने के लिए तो कभी हलवा बनाने के लिए। वहीं, हर रोज इस्तेमाल होने की वजह से कढ़ाई की तली और किनारों पर तेल और मसालों के दाग जम जाते हैं। ऐसे में इन्हें नियमित रूप से अच्छे से साफ न किया जाए तो धीरे-धीरे ये काले पड़ जाते हैं। ये काले दाग केवल दिखने में गंदे नहीं लगते, बल्कि सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकते हैं। ऐसे में कई बार महिलाएं चाकूू की मदद से इसे हहटाने की कोशिश करती हैं, लेकिन कोई खास नतीजा नहीं मिलता है। अगर आप किचन की कढ़ाई के किनारों पर जमी काली परत को साफ करना चाहते हैं, तो आज हम आपको कुछ घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप कढ़ाई को आसानी से चमका सकते हैं। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।
सफेद सिरका और पानी
अगर आपकी कढ़ाई के किनारों पर तेल और मसालों की मोटी परत जम गई है, तो आप पानी और सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी उबालने के लिए रख दें। फिर उबलते पानी में आधा कप सफेद सिरका और दो चम्मच डिशवॉश लिक्विड डाल दें। इसके बाद गंदी कढ़ाई को इस गर्म पानी में 20 से 30 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। गर्म पानी और सिरके के मेल से कोनों में जमी सख्त चकनाई ढीली हो जाएगी। इसके बाद कढ़ाई को बाहर निकालें और स्टील स्क्रबर की मदद से अच्छी तरह साफ कर लें।
नमक और डिटर्जेंट पाउडर
कढ़ाई पर जमी गंदगी को आप डिटर्जेंट और नमक की मदद से भी साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में डिटर्जेंट पाउडर और एक चम्मच सफेद नमक मिलाएं। इसके बाद इसमें थोड़ा सा पानी डालकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को कढ़ाई के सभी काले किनारों पर लगाकर छोड़ दें। करीब आधे घंटे बाद इसे स्क्रबर से अच्छी तरह रगड़कर साफ करें। इससे जमी हुई गंदगी आसानी से निकल जाएगी।
इमली का पानी
अगर आपकी कढ़ाई एल्युमिनियम की है, तो इमली का पानी काफी कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए इमली को पानी में भिगोकर रखें। जब इमली अच्छी तरह फूल जाए, तो उसका गाढ़ा पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को कढ़ाई के किनारों पर लगाकर 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद स्टील स्क्रबर से अच्छी तरह रगड़कर कढ़ाई को साफ करें। इससे कढ़ाई पर जमे काले दाग और चिकनाई आसानी से हट जाएगी और कढ़ाई फिर से चमकने लगेगी।










