RPSC Update: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा विभिन्न भर्तियों और परीक्षाओं से जुड़े पांच महत्वपूर्ण अपडेट जारी किए गए हैं। इनमें स्कूल लेक्चरर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने से लेकर वरिष्ठ अध्यापक विज्ञान विषय की मुख्य सूची और चिकित्सा शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य भर्ती के इंटरव्यू परिणाम शामिल हैं।
स्कूल लेक्चरर और कोच भर्ती में पद बढ़े
माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच भर्ती-2025 में विभाग ने पदों की संख्या बढ़ा दी है। आयोग ने संशोधित वर्गवार वर्गीकरण भी जारी कर दिया। अभ्यर्थी नया वर्गीकरण आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
सांख्यिकी अधिकारी भर्ती में तीन पद कम
कृषि विभाग की सांख्यिकी अधिकारी भर्ती-2024 में कुल पदों की संख्या 18 से घटाकर 15 कर दी है। इसके लिए आयोग ने नवीन वर्गवार वर्गीकरण संबंधी शुद्धि पत्र जारी किया है।
कृषि अनुसंधान अधिकारी भर्ती में पुराना वर्गीकरण बहाल
कृषि अनुसंधान अधिकारी (कृषि रसायन) भर्ती-2022 के लिए दिसंबर 2024 में जारी शुद्धि पत्र आयोग ने वापस ले लिया। अब भर्ती प्रक्रिया मूल विज्ञापन में जारी वर्गवार वर्गीकरण के अनुसार ही आगे बढ़ेगी।
विज्ञान विषय में 147 अभ्यर्थी मुख्य सूची में
वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के विज्ञान विषय की मुख्य सूची जारी कर दी गई है। पात्रता जांच और दस्तावेज सत्यापन के बाद 147 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
जनरल सर्जरी में 77 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित
सहायक आचार्य प्रतियोगी परीक्षा-2024 के तहत ब्रॉड स्पेशियलिटी जनरल सर्जरी विषय में 77 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। आयोग ने संबंधित सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
इन अपडेट्स से हजारों अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रियाओं की नवीनतम स्थिति की जानकारी मिलेगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें।










