स्किन पर पिंपल होना बहुत ही आम बात है। वहीं, बार-बार पिंपल होने से त्वचा में दाग-धब्बे होने लगते हैं। ऐसे में चेहरा भी बेजान दिखाई देता है। कई बार पिंपल्स लाल निशान और दाग भी छोड़ देते हैं, जिन्हें महंगे प्रोडक्ट्स भी आसानी से ठीक नहीं कर पाते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो कुछ घरेलू नुस्खे आजमा सकते हैं। हम आपको इससे निपटने के कुछ घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
नीम का करें इस्तेमाल: पिंपल्स सिर्फ गंदगी के कारण नहीं, बल्कि ज्यादा तेल और त्वचा से जुड़ी कई वजहों से भी होने लगते हैं। ऐसे में आप नीम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें एंटी-बैक्टीरियल और सूजन कम करने वाले गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
लौंग से बनाएं पेस्ट: लौंग के इस्तेमाल से भी पिंपल्स और दाग-धब्बों को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए नीम की पत्तियों को पीसकर पेस्ट तैयार करें। इसके बाद इसमें एक चुटकी लौंग पाउडर मिलाएं और दोनों को अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रखें कि लौंग का तेल या पाउडर सीधे चेहरे पर न लगाएं।
अब तैयार पेस्ट को चेहरा धोने के बाद हल्की परत में लगाएं और करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके सूख जाने के बाद साफ पानी से चेहरा धो लें। इसके बाद त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं। हालांकि, किसी भी घरेलू नुस्खे को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर त्वचा पर जलन, लालिमा या एलर्जी हो, तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें।









