Eye Care Tips: आजकल ज्यादातर लोगों का समय मोबाइल और लैपटॉप पर ही बीतता है। ऐसे में लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों में जलन, भारीपन और ड्राइनेस जैसी समस्याएं होने लगती हैं। वहीं, अगर आंखों की सही देखभाल न की जाए तो ये समस्याएं आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। आपको बता दें कि अगर आपका स्क्रीन टाइम रोजाना 2 घंटे से ज्यादा होता है, तो आपको अपनी आंखों का खास ख्याल रखने की जरूरत है। ऐसे में आज हम आपको एक ऐसी हर्बल ड्रिंक के बारे में बताएंगे, जो आंखों की देखभाल करने में मददगार साबित हो सकती है। आंखों की केयर के लिए आप आई नॉरिशमेंट टी का सेवन कर सकते हैं। यह न केवल आंखों बल्कि पूरे शरीर के लिए भी फायदेमंद हो सकती है। आइए जानते हैं इसे तैयार करने का तरीका।
आई नॉरिशमेंट टी बनाने के लिए आपको एक चम्मच सौंफ, एक चम्मच धनिया के बीज और एक चुटकी इलायची की जरूरत होगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी उबाल लें। इसके बाद उसमें सौंफ, धनिया के बीज और इलायची डाल दें। फिर इसे 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर उबालें। इसके बाद चाय को छान लें और गुनगुना होने पर धीरे-धीरे पिएं।
सौंफ आंखों की ड्राइनेस और स्ट्रेन को कम करने में मददगार मानी जाती है। इसके सेवन से आंखों को आराम मिलता है। साथ ही यह शरीर को ठंडक पहुंचाने में भी मदद करती है। धनिया के बीज लिवर हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं। इसका सेवन आंखों में होने वाली जलन को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा धनिया के बीज आंखों के ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में भी सहायक होते हैं।
इलायची आंखों की थकान को कम करने में मदद करती है। इसके साथ ही यह शरीर की आंतरिक गर्मी को शांत करने में भी लाभकारी मानी जाती है। नियमित रूप से इस हर्बल टी का सेवन करने से आंखों को आराम मिल सकता है और स्क्रीन टाइम के कारण होने वाली परेशानियों से राहत पाने में मदद मिल सकती है।









