PM Krishi Sinchai Yojana: जल शक्ति मंत्रालय की ओर से राजस्थान के तीन जिलों को बड़ी सौगात दी गई है। इसके तहत राज्य के टोंक, बूंदी और कोटा शहर के लाखों किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा। केंद्र की ओर स्वीकृत राशि से कार्यों को गति मिलेगी।
करोड़ों रुपए पर लगी केंद्र की मुहर
जानकारी के लिए बता दें कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत जल शक्ति मंत्रालय द्वारा हर खेत को पानी अभियान चलाया जा रहा है। मंत्रालय की ओर से राजस्थान जल संसाधन विभाग को लगभग 16 करोड़ की राशि प्रदान की गई है। इस साल इस राशि का उपयोग 84 रिपेयर रिनोवेशन रेस्टोरेशन कार्यों के लिए किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- Government Farmer App: किसानों के लिए राहत की खबर, अब ऐप की मदद से किराए पर ले सकेंगे कृषि यंत्र
किसानों के लिए इस राशि में राज्य सरकार द्वारा भी सहयोग किया जाएगा। भजनलाल सरकार इस राशि में 40 प्रतिशत यानी लगभग 11 करोड़ रुपए जोड़ेगी। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने इस संबंध में कहा कि किसानों को सिंचाई का पानी देने के लिए करीब 27 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इन तीन जिलों को होगा मिलेगा लाभ
जिला प्रशासन के मुताबिक आरआरआर योजना के तहत राजस्थान के तीन जिलों में सिंचाई की सुविधा के लिए केंद्र की ओर से राशि स्वीकृत की गई है। इसमें कोटा, बूंदी व टोंक जिलों को शामिल किया गया है। इसके लिए साल 2023 को 84 कार्य स्वीकृत किए गए थे। ये कार्य पूरा होते ही लगभग 4404 हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र क्रियाशील हो जाएगा। इस योजना से राज्य के 2 लाख से अधिक किसानों को लाभ होगा।
वंदे गंगा अभियान को मिलेगी गति
इस योजना से सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को भी नई उड़ान मिल सकेगी। गौरतलब है कि जल संसाधन मंत्री पिछले कुछ महीनों से लगातार राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे थे। इस दौरान मंत्री द्वारा जल संरचनाओं का भी लोकार्पण व शिलान्यास किया जा रहा है। जिला प्रशासन स्तर पर कई जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।