Drinks For Summer: गर्मी के मौसम में तेज धूप, गर्म हवाएं और बहुत कुछ, जिसके कारण शरीर को ठंडा रखने की जरूरत होती है। इसके साथ ही गर्मियों में एनर्जी लेवल बहुत ज्यादा डाउन हो जाता है। इसके कारण लोग बाजार की बोतल बंद ड्रिंक का सेवन करते हैं। ये बोतल बंद ड्रिंक्स हमारे शरीर के लिए हानिकारक होती हैं। ऐसे में हमें घर पर ही देसी ड्रिंक का सेवन करना चाहिए, जो सेहत के लिए नुकसानदायक न हों। ऐसे में आप घर पर कुछ हेल्दी ड्रिंक्स बना सकते हैं। आज हम अपने इस लेख में आपको मसाला छाछ, लस्सी और मोहब्बत के शरबत की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं। इन्हें आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। यह पेय पदार्थ बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आएंगे।
घर पर बनाएं मसाला छाछ
मसाला छाछ तैयार करना बहुत आसान है। इसके लिए आपको सबसे पहले दही को अच्छी तरह से फेंट कर उसमें पानी मिलाकर उसे पतला बनाना है। अब इसमें जीरा पाउडर, काला नमक और हरा धनिया, थोड़ा सा पुदीना डालकर अच्छे से मिक्स करना है। अब इसे एक गिलास में निकालकर इसका मजा ले सकते हैं। अगर आप चाहे तो इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं।
घर पर यूं तैयार करें टेस्टी लस्सी
आप घर पर लस्सी बना सकती हैं। ये लस्सी आपको टेस्ट के साथ-साथ गर्मी से राहत देगी। लस्सी बनाने के लिए आपको सबसे पहले दही लेना है और शक्कर को उसमें अच्छी तरह से मिक्स करना है। अब इसमें पानी या फिर दूध मिलाकर इसे अच्छी तरह से ब्लेंड करें। इसके बाद इसमें केसर और इलायची का पाउडर मिलाएं। अगर आप चाहे तो इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें या फिर इसमें बर्फ के टुकड़े डालें। अब ऊपर से कटे हुए मेवे डालकर ठंडी-ठंडी लस्सी का लुत्फ उठाएं।
ऐसे बनाएं मोहब्बत का शरबत
मोहब्बत का शरबत बनाने के लिए सबसे पहले आपको ठंडा दूध लेना है। इसमें रोज का सिरप मिलाना है। जरूरत पड़े तो थोड़ी सी चीनी भी डाल सकते हैं। अब इसमें कटे हुए कुछ तरबूज के टुकड़े डालें और फिर इसमें बर्फ के कुछ टुकड़े डालें। अब इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें यह शरबत मेहमानों से लेकर घर वालों तक सबको पसंद आएगा।