Rose Sharbat: चिलचिलाती तेरी धूप और गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया है। ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना और पेट को ठंडक पहुंचाना सबसे जरूरी होता है। वहीं लोग ठंडक पाने के लिए मार्केट में मिलने वाले हार्मफुल कोल्ड ड्रिंक का सेवन कर लेते हैं, जो कि उन्हें थोड़ी देर तो ठंडक देता है लेकिन शरीर के लिए बहुत ही नुकसानदायक होता है।
अगर आप गर्मी में ठंडक चाहते हैं तो इसके लिए आप प्राकृतिक गुणों से भरपूर गुलाब और मिश्री का ठंडा शरबत बनाकर पी सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गुलाब और मिश्री दोनों की तासीर ठंडी होती है। ऐसे में यह शरबत शरीर के तापमान को नॉर्मल करता है और साथ ही आपको दिनभर फ्रेश भी महसूस करवाता है। ऐसे में आज हम आपके लिए बहुत ही जल्दी बन जाने वाली गुलाब और मिश्री शरबत की रेसिपी बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री:
गुलाब की पंखुड़ियां – 1 कप
धागे वाली मिश्री – आधा कप
ठंडा पानी – 3 से 4 गिलास
नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
सब्जा सीड्स – 1 छोटा चम्मच
आइस क्यूब्स – आवश्यकतानुसार
विधि:
इसे बनाने के लिए सबसे पहले आप गुलाब की पंखुड़ियों को अच्छी तरीके से साफ कर लें और धो लें। इसके बाद आप पंखुड़ियों को मिक्सी जार में थोड़ा सा पानी डालकर बारीक पेस्ट बना लें। अब आप एक बर्तन लें, उसमें ठंडा पानी डालें और फिर पिसी हुई धागे वाली मिश्री डालकर अच्छी तरीके से घोल बना लें।
जब आपकी मिश्री पूरी तरीके से पानी में घुल जाए, तब इसमें गुलाब का पेस्ट डालना है। इसे अच्छे से मिलाकर नींबू का रस डाल दें। नींबू का रस डालने के बाद गुलाब का रंग बहुत ही खूबसूरत निखर कर आता है और आपके शरबत का स्वाद भी बढ़ जाता है।
अगर आप शरबत को और ज्यादा ठंडा बनाना चाहते हैं तो इसमें सब्जा सीड्स भी डाल दें। यह आपकी पेट की गर्मी को शांत करेगा और टेस्ट भी बढ़ाएगा। आपका शरबत बनकर तैयार है। इसे अच्छे तरीके से मिलाएं और फिर आइस क्यूब्स डालकर सर्व करें। आप चाहें तो कुछ फ्रेश गुलाब की पंखुड़ियां डालकर भी सर्व कर सकते हैं।










