Lal Mirch Achar Recipe: आजकल लाल मिर्च का अचार ज्यादा लोगों को पसंद आ रहा है। ऐसे में लोग इसे मार्केट से खरीदकर खाते हैं। लेकिन आपको बता दें कि इसे आसानी से घर पर भी बनाकर खा सकते हैं। यह साबुत मसालों को मिर्च के अंदर भरकर बनाया जाता है। वहीं यह दाल, चावल और रोटी के साथ खाने का स्वाद भी बढ़ा देता है। तो चलिए, आज हम आपको इस लेख में मोटी लाल मिर्च के अचार की रेसिपी के बारे में बताएंगे।
सामग्री
मोटी लाल मिर्च – 500 ग्राम
साबुत सौंफ – 4 बड़े चम्मच
साबुत पीली सरसों – 4 बड़े चम्मच
जीरा – 2 बड़े चम्मच
मेथी दाना – 1 बड़ा चम्मच
अजवाइन – 1 बड़ा चम्मच
कलौंजी – 1 छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर – आधा चम्मच
हल्दी पाउडर – 3 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
सरसों का तेल – डेढ़ कप
विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले मिर्च को धोकर दो से तीन घंटे के लिए धूप में रखकर सुखा लें, ताकि इसकी नमी खत्म हो जाए। इसके बाद डंठल काटकर निकाल लें और बीच में एक लंबा चीरा लगाकर रख लें।
- अब एक पैन में साबुत सौंफ, मेथी दाना, अजवाइन और सरसों को धीमी आंच पर भून लें। इन्हें तब तक भूनें, जब तक मसालों से हल्की-हल्की खुशबू न आने लगे। फिर मसालों को ठंडा होने के लिए रख दें।
- ठंडा होने के बाद सभी मसालों को मिक्सी में दरदरा पीस लें। फिर पिसे हुए मसाले में अमचूर पाउडर, हल्दी, साबुत कलौंजी, नमक और मिर्च के निकले हुए बीज डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- अब सरसों के तेल को गर्म करें और फिर ठंडा होने के लिए रख दें। जब तेल हल्का गुनगुना रह जाए, तब इसमें से लगभग तीन बड़े चम्मच तेल सूखे मसाले में डालकर अच्छी तरह मिला लें। ऐसा करने से मसाला हल्का गीला हो जाएगा और इसे मिर्च के अंदर भरना आसान होगा।
- अब चीरा लगी हुई लाल मिर्च में तैयार मसाला डालकर भर दें। इसे अच्छी तरह दबाकर भरें। इसके बाद भरी हुई मिर्चों को साफ और सूखे जार में रख दें।
- अब इसमें बचा हुआ गुनगुना सरसों का तेल डाल दें, ताकि मिर्च और मसाला तेल में अच्छी तरह डूब जाए। जार को दो से तीन दिनों के लिए धूप में रखें।
आपका टेस्टी लाल मिर्च का अचार तैयार है।









