Homemade Ghewar: सावन के महीने में घेवर की डिमांड काफी ज्यादा बढ़ जाती है। मिठाई की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिलती है, क्योंकि इस महीने में ज्यादातर घरों में घेवर खाया जाता है। ऐसे में कुछ लोग बाजार से घेवर खरीदना पसंद करते हैं, वहीं कुछ लोग इसे घर पर बनाना चाहते हैं। अगर आप भी सोच रहे हैं कि घेवर घर पर कैसे बनाया जाए, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए है।
घेवर बनाने के लिए सामग्री:
मैदा – 2 कप
ठंडा घी – ½ कप
ठंडा दूध – ¼ कप
ठंडा पानी – आवश्यकता अनुसार
बर्फ के टुकड़े
घी – तलने के लिए
चाश्नी – 2 कप
पानी – 1 कप
इलायची पाउडर – ½ चम्मच
केसर – वैकल्पिक
रबड़ी
कटे हुए पिस्ता और बादाम – 1 बड़ा चम्मच
विधि
- घेवर बनाने के लिए सबसे पहले ठंडे घी में बर्फ का एक टुकड़ा डालकर अच्छी तरह फेंटें, जब तक वह हल्का क्रीमी न हो जाए।
- इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा करके मैदा मिलाएं। फिर ठंडा पानी डालते हुए पतला बैटर तैयार करें। चाहें तो पानी की जगह ठंडा दूध भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ध्यान रखें कि बैटर पतला होना चाहिए।
- अब बैटर को छलनी से छान लें, ताकि उसमें कोई गुठली न रहे। इसके बाद एक गहरे बर्तन में घी गर्म करें।
- घी अच्छी तरह गर्म हो जाए तो एक चम्मच की मदद से थोड़ा-थोड़ा बैटर बीच में डालें।
- 20 से 30 सेकंड के अंतराल पर दोबारा बैटर डालते रहें। बीच में हल्का छेद बनाते रहें, ताकि घेवर की जालीदार बनावट तैयार हो सके।
- घेवर को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें। इसके बाद इसे निकालकर तैयार चाशनी में कुछ सेकंड के लिए डुबो दें।
- फिर बाहर निकालकर ऊपर से रबड़ी, कटे हुए पिस्ता और बादाम से सजाकर सर्व करें।










