Vegetable Dalia Recipe: दलिया सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसीलिए दलिया को न्यूट्रिशन का पावरहाउस भी कहा जाता है। इसे खाने से आपका पाचन तंत्र बेहतर रहता है और वजन भी नियंत्रित रहता है। अगर आप इसे नियमित रूप से खाते हैं, तो दिल की सेहत भी अच्छी बनी रहती है। वहीं, कई बार देखा जाता है कि लोग एक ही तरह का दलिया खाकर बोर हो जाते हैं।
ऐसे में आज हम आपके साथ दलिया बनाने की एक बेहद टेस्टी और हेल्दी रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं। इसे खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना जरूर चाहेंगे। आइए जानते हैं इसकी सामग्री और बनाने की विधि।
सामग्री
दलिया – 1 कप
चावल – 1/4 कप
धुली मूंग दाल – 1/4 कप
मसूर दाल – 1/4 कप
गाजर – 3 बड़े चम्मच (कटी हुई)
आलू – 3 बड़े चम्मच (कटे हुए)
मटर – 3 बड़े चम्मच
फूलगोभी – 3 बड़े चम्मच (कटी हुई)
टमाटर – 2 बड़े चम्मच (कटे हुए)
प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
अदरक – 1 इंच (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च – 2
कड़ी पत्ता – 10
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
राई – 1/2 चम्मच
जीरा – 1/2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
हल्दी पाउडर – 1/2 चम्मच
गरम मसाला – 1/2 चम्मच
नमक – स्वादानुसार
घी – 2 बड़े चम्मच
बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल और दोनों दालों को अच्छी तरह धोकर 30 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद एक बर्तन में पानी गर्म करके अलग रख लें। अब कुकर में दलिया, चावल, दालें, थोड़ा नमक और गर्म पानी डालकर तेज आंच पर एक सीटी आने तक पकाएं। इसके बाद आंच धीमी कर दें और 7 मिनट तक पकने दें।
अब आलू, गाजर, फूलगोभी और मटर को स्टीम करके नरम कर लें। इसके बाद एक कढ़ाई में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें। इसमें राई और जीरा डालकर तड़काएं। फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, कड़ी पत्ता, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक और सभी सब्जियां डालकर अच्छी तरह मिला लें।
कुछ मिनट तक पकाने के बाद इसमें पका हुआ दलिया डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालें। आपका स्वादिष्ट और पौष्टिक वेजिटेबल दलिया तैयार है। इसे गरमा-गरम सर्व करें।









