Monsoon Tourist Places In Alwar :अलवर जिले की प्राकृतिक सुंदरता इस समय बारिश के मौसम में और भी निखरी हुई है। मानसून की बौछार ने मूसी महारानी, सागर, किशनकुंड और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर एक मनमोहक माहौल बना दिया है। जहां रोज ही पर्यटक घूमने और एन्जॉय करने आ रहे हैं और इससे संबंधित फोटोज भी सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इस समय सबसे सुंदर नजारा अलवर जिले से 18 किमी की दूरी पर स्थित सिलीसेढ़ झील का देखा जा सकता है। खूबसूरत पहाड़ियों के बीच इस झील के किनारे पर बने हुए लेक पैलेस के बाहर लोग बैठकर झील की खूबसूरती का लुफ़्त उठाते हुए फोटोज़ खिंचवाते हैं। ये झील दिल्ली से लगभग 200 किमी की दूरी पर है। हर वीकेंड पर यहां दिल्ली एनसीआर व उसके आस-पास से आने वाले वाले लोगों की भीड़ देखी जा सकती है।
बरसात के मौसम में खूब आते हैं पर्यटक
इस खूबसूरत झील का नजारा देखने के लिए बरसात के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। प्रात 9 बजे से शाम 7 बजे तक पर्यटक बोटिंग का जमकर लुत्फ उठाते हैं। इसी कारण मोटर बोट वालों की कमाई भी बहुत होती है। एक सामान्य मोटर बोट का किराया 1200 रूपए है जिसमें 8 लोगों के लिए सीट होती है, स्पीड बोट में 7 लोग बैठ सकते हैं और किराया 2000 रूपए है। इसी प्रकार लग्जरी बोट में 7 8 लोगों की सीट होती है और किराया 2,500 रूपए है। यहां स्कूटर बोट की भी सुविधा है जिसका किराया 800 रुपए है।
सिलीसेढ़ झील तक पहुंचने का सड़क मार्ग खराब
सिलीसेढ़ के आस पास रहने वाले लोग बताते हैं कि अलवर से सिलीसेढ़ झील तक का मार्ग काफी उबड़-खाबड़ है जिसके कारण यहां तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खराब सड़क मार्ग और बढ़ती पर्यटक संख्या के कारण यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। आने वाले सप्ताह में त्योहारों और राष्ट्रीय पर्व पर लगातार छुट्टियां होने से यहां पर्यटकों की भीड़ और ज्यादा बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें...Rajasthan Tourism: मानसून में जयपुर के इस गार्डन में होंगे साक्षात स्वर्ग के दर्शन, टिकट की कीमत व घूमने का समय यहां जानें