T20 World Cup 2026: भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता अब साफ हो गया है। भारत और जिम्बावे के बीच खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने 72 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की और अपने नेट रनरेट में भी सुधार किया है। अब यह समीकरण साफ दिखा रहा है कि 1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले में टीम इंडिया जीत दर्ज कर सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।
साउथ अफ्रीका ने दिया भारत को जीत का तोहफा
वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज अगर इस मैच में जीत दर्ज कर लेती है, तो वह साउथ अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। बता दें कि कल साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को एक एकतरफा मात देकर न सिर्फ खुद को सेमीफाइनल में पहुंचाया, बल्कि टीम इंडिया के लिए भी राह आसान कर दिया। अगर कल वेस्टइंडीज की जीत हो जाती, तो टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह लगभग नामुमकिन हो जाती। लेकिन अब उधर साउथ अफ्रीका की जीत और उसके अगले ही मुकाबले में जिंबॉब्वे के खिलाफ भारत की एकतरफा जीत ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल की रेस के समीकरण को आसान कर दिया।
1 मार्च को खेला जाएगा निर्णायक मुकाबला
अब इसमें कोई कंफ्यूजन नहीं है कि सुपर 8 में ग्रुप ए के दो मुकाबले और खेले जाएंगे। एक मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1 मार्च को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला साउथ अफ्रीका और जिंबॉब्वे के बीच खेला जाएगा। भारत और वेस्टइंडीज के मुकाबले में जो जीत दर्ज करेगा, वह सेमीफाइनल में पहुंचेगा, जबकि साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के मुकाबले में जीत का कुछ खास मायने नहीं रहेगा।
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल
यह सिर्फ एक औपचारिक मुकाबला होगा, लेकिन हां अगर साउथ अफ्रीका दर्ज कर लेती है, तो वह अपनी जगह नंबर एक पर कायम रख सकेगा। ग्रुप बी से भी न्यूजीलैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रेस जारी है, हालांकि ग्रुप बी का समीकरण देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि इंग्लैंड ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगा।