Udaipur News: उदयपुर में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के बाल चिकित्सालय में शनिवार देर रात एक साल की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ICU स्टाफ को बच्ची की हालत बिगड़ने की जानकारी दी, लेकिन वहां तैनात स्टाफ ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों ने कहा कि उन्हें बच्ची से मिलने के लिए ICU में जाने से भी रोक दिया गया। हंगामें की सूचना पर हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और समाझाइश के बाद मामला शांत कराया। परिजनों ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश की गई। इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। आलू फैक्ट्री निवासी दिनेश सालवी ने अपनी 1 साल की बेटी आराध्या को 11 अगस्त को बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया था। दूसरे दिन डॉक्टरों ने उसके सिर में गांठ का ऑपरेशन किया था। जिसके बाद उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
वहीं, दिनेश का कहना है कि उनकी बच्ची सुबह अच्छे से हंस-बोल रही थी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हमने वहां मौजूद स्टाफ को बार-बार बताया लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। आखिरकार बच्ची ने दम तोड़ दिया। नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर्स की लापरवाही से मेरी बच्ची की जान गई है।