NEET Re-Exam: 21 जून को मेडिकल एंट्रेंस नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर आज उदयपुर में भी प्रशासनिक अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग सेंटरों का निरीक्षण किया। विभिन्न एग्जाम सेंटर्स पर जिन अधिकारियों की ड्यूटी है उनकी मीटिंग्स भी ली गई। नीट यूटी री-एग्जाम को लेकर विभाग द्वारा काफी सख्ती बरती जा रही है। उदयपुर में 29 सेंटरों पर 8738 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उदयपुर में अधिकतर सरकारी स्कूलों को ही सेंटर बनाया गया है। शहर के गुरु गोविंद सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज परीक्षा केंद्र के हिसाब से तमात तैयारियां पूरी की गई है।सेंटर के अंदर रोल नंबर वाइज छात्रों के बैठने की व्यवस्था की गई है। नीट के सुपरवाइजर ने भी सेंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी सेंटरों का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां की गई तैयारियों का जायजा लिया।
सेंटरों पर जैमर और CCTV की व्यवस्था
सेंटर के अंदर जैमर और सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। स्टूडेंट्स के एंट्री वाली जगह छाया के लिए टेंट लगाए गए हैं। साथ ही एग्जाम में जिनकी ड्यूटी है उन्हें ट्रेनिंग भी दी गई। एग्जाम में ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और सावधानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार NTA ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर खास तौर पर दीवार घड़ियां भी भेजी है। जिन पर NTA लिखा हुआ है। इसके पीछे का मकसद सभी अभ्यर्थियों को समान टाइम मैनेजमेंट की सु। विधा देना है। परीक्षा हॉल में व्यक्तिगत घड़ियां ले जाना बैन है, क्योंकि पिछले सालों में घड़ियों की कमी को लेकर सेंटरों से शिकायतें भी मिली थीं।
परीक्षा को लेकर उदयपुर में 29 एग्जाम सेंटर और दो परीक्षा समन्वयक बनाए गए हैं। एक समन्वयक के पास 16 और दूसरे के पास 13 केंद्र होंगे।
नीट परीक्षा को लेकर उदयपुर में सुरक्षा चाक-चौबंद
नीट एग्जाम को लेकर प्रशासन की ओर से एक समिति बना रखी है। इस जिला स्तरीय समिति में सदस्य के तौर पर उदयपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडिशनल एसपी उमेश ओझा, केंद्रीय विद्यालय उदयपुर 2 के हेड मास्टर अरुण कुमार और केंद्रीय विद्यालय 1 के हेडमास्टर राजराजेश्वर सिंह शामिल हैं।