rajasthanone Logo
Rajasthan News: मनरेगा का लाभ लेने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुरोध को ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वीकार कर लिया है। ऐसे में अब मनरेगा में टांका का निर्माण कार्य हो सकेगा।

Rajasthan News: मनरेगा के तहत आखिरकार टांका का निर्माण कार्य फिर से हो सकेगा। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे मंजूरी दे दी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से इसको लेकर अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। बताते चलें कि पहले मनरेगा में टांका का निर्माण कार्य होता था, लेकिन बाद में इस पर रोक दी गई थी, जिस पर खूब बवाल भी हुआ था। लेकिन अब एक बार फिर से इसे मंजूरी दे दी गई है।

सीएम भजनलाल ने पिछले महीने किया था अनुरोध

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत फार्म पॉण्ड श्रेणी में टांका निर्माण के कार्य किए जा सकेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुरोध को केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वीकार किया है। मुख्यमंत्री ने गत माह केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से मुलाकात कर निजी कृषि भूमि पर टांका निर्माण कार्य पूर्व की भांति जारी रखने का आग्रह किया था।

सीएम ने जताया केंद्रीय मंत्री का आभार

सीएम ने कहा था कि रेगिस्तानी जिलों में टांका निर्माण जल सुरक्षा, कृषि विकास और जलवायु अनुकूल आजीविका के लिये अत्यंत उपयोगी, सस्ता और टिकाऊ समाधान है। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए फार्म पॉण्ड का निर्माण महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत अनुमत कार्य है।

ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत- सीएम

योजना से संबंधित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए टांका निर्माण कार्य को फार्म पॉण्ड श्रेणी के तहत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य और केन्द्र की डबल इंजन की सरकार कृषि क्षेत्र में निरंतर दूरगामी निर्णय ले रही है, जिससे किसानों का आर्थिक सशक्तीकरण हो रहा है।

5379487