School Bus Accidenet: केकड़ी के अजमेर मार्ग स्थित प्रतापपुरा से हींगतड़ा जाने वाले रास्ते पर एक प्राइवेट स्कूल के बच्चों से भरा टेंपो बेकाबू होकर पलट गया। इस टेंपो में करीब 15 छात्र-छात्राएं सवार थे, जिनमें से 3 को गंभीर चोट आई हैं। वहीं सभी घायलों को उपचार के लिए केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई
मिली जानकारी के मुताबिक उगमाराम मेमोरियल संस्थान सूरजपुरा में छुट्टी होने के बाद बच्चे टेंपो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। ऐसे में हींगतड़ा मार्ग पर अचानक टेंपो पलट गया। वहीं घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। वहीं लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को टेंपो से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 12 वर्षीय अर्पित धाकड़ (पुत्र हेमराज, निवासी सोहनपुरा), 11 वर्षीय वंदना धाकड़ (पुत्री शंकर धाकड़, निवासी भीमपुरा) व 5 वर्षीय नैना कुमावत (पुत्री भोजूराम, निवासी समेलिया) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं बाकी बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सभी गंभीर घायलों को तुरंत जिला के अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Gold Silver Price: अंतरराष्ट्रीय संकेतों से घरेलू बाजार गरमाया, जयपुर में सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल
रामेश्वर प्रसाद झारोटिया तुरंत अस्पताल पहुंचे
इसके साथ ही आपको बता दें कि सरवाड़ ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी रामेश्वर प्रसाद झारोटिया तुरंत अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायल बच्चों के कुशलक्षेम पूछी और साथ ही परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली है।









