Skin Care Tips: स्किन पर खुजली होना एक बहुत ही आम परेशानी है। ऐसे में इसके पीछे की वजह फंगल इंफेक्शन हो सकता है। इससे स्किन पर लाल चकत्ते, तेज खुजली और जलन होने से परेशानी होती है। ऐसे में लोग अक्सर दवा लेकर इससे छुटकारा पाने की कोशिश करते हैं। लेकिन आपको बता दें कि कुछ घरेलू उपाय अपनाकर भी इस परेशानी से राहत पाने की कोशिश की जा सकती है। इस आर्टिकल में हम आपको इससे निपटने के कुछ घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
नीम की पत्तियों का करें इस्तेमाल: नीम की पत्तियों के इस्तेमाल से भी खुजली से राहत पाने में मदद मिल सकती है। आयुर्वेद में नीम को त्वचा से जुड़ी समस्याओं के लिए उपयोगी माना जाता है। इसमें एंटी-फंगल, एंटी-बैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं। इसके लिए ताजी नीम की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर पीस लें और इसका पेस्ट तैयार करें। इसे नारियल के तेल के साथ मिलाकर प्रभावित जगह पर लगाएं। सूखने के बाद साफ पानी से धो लें।
तुलसी भी है फायदेमंद: तुलसी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। इसका इस्तेमाल त्वचा से जुड़ी कुछ समस्याओं में किया जाता है। इसके लिए तुलसी की कुछ पत्तियों को मसलकर उनका रस निकाल लें। इसके बाद इस रस को प्रभावित जगह पर हल्के हाथों से लगाएं।
करी पत्ते का इस्तेमाल: करी पत्ते का इस्तेमाल सिर्फ खाने में ही नहीं, बल्कि बालों और त्वचा की देखभाल के लिए भी किया जाता है। इसमें ऐसे गुण पाए जाते हैं, जो फंगस की वृद्धि को रोकने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए करी पत्तियों को पीसकर पेस्ट बना लें। इसे खुजली वाली जगह पर करीब 15 मिनट के लिए लगाएं और फिर साफ पानी से धो लें।
अगर खुजली, लालिमा या जलन लगातार बनी रहती है या बढ़ रही है, तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लें।









