RPSC SI 2025: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप-निरीक्षक/प्लाटून कमांडर पद के लिए संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत फिजिकल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। आपको बता दें कि आयोग ने फिजिकल टेस्ट में 4019 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किए हैं। इंटरव्यू डेट अभ्यर्थियों को बाद में बताई जाएगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वेकेंसी 1015 पदों के लिए थी।
विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर देखी जा सकती है
आयोग द्वारा लिखित परीक्षा का परिणाम दिनांक 19 जून 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद महानिदेशक पुलिस राजस्थान जयपुर द्वारा 3 अगस्त 2026 से 13 अगस्त 2026 तक अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट का आयोजन किया गया था। फिजिकल टेस्ट के बाद संबंधित सेवा नियमानुसार अनुसूचित क्षेत्र के 62 तथा गैर अनुसूचित क्षेत्र के 3957 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अस्थाई रूप से सफल घोषित किया गया है। संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
आवेदन-पत्र डाउनलोड कर दो प्रतियों में भरना होगा
बता दें कि सफल अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से विस्तृत आवेदन-पत्र डाउनलोड कर दो प्रतियों में भरना होगा। इसके साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्र अटैच कर 25 सितंबर 2026 तक आयोग को भेजना अनिवार्य होगा। वहीं आयोग की ओर से अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच भर्ती विज्ञापन में निर्धारित शर्तों और संबंधित सेवा नियमों के अनुसार की जाएगी। जो अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी नहीं करेंगे, उनकी उम्मीदवारी आयोग द्वारा रद्द की जा सकती है। पात्र पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।









