rajasthanone Logo
RPSC Exam Pattern:RPSC भर्ती परीक्षाओं का पेपर पैटर्न बदलेगा। आसान सवाल बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

RPSC Exam Pattern: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षाओं के पेपर पैटर्न में बदलाव हो सकता है। इसमें कठिन सवालों का प्रतिशत कम करके सरल क्वेश्चंस का प्रतिशत बढ़ाने की संभावना है। पेपर में सरल सवालों के स्तर और सामान्य ज्ञान पर अब ज्यादा फोकस रहेगा। यही नहीं, पिछले दिनों हुई भर्ती परीक्षाओं में खाली रहे पदों पर फिर से वैकेंसी निकालने के लिए आयोग प्रशासन संबंधित विभागों को लेटर लिखेगा।

आसान प्रश्नों पर बढ़ेगा फोकस

RPSC के कार्यवाहक अध्यक्ष ले. कर्नल (रिटायर्ड) केसरी सिंह ने हाल ही भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों की समीक्षा के लिए इंटरनल कमेटी गठित की थी। इसकी फाइनल रिपोर्ट 31 अगस्त को सौंपने के निर्देश दिए थे। कमेटी ने रिपोर्ट आयोग को सौंप दी है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगामी भर्ती परीक्षाओं के स्वरूप में बदलाव किए जा सकते हैं। इसका निर्णय जल्द होने वाली फुल कमीशन की बैठक में होगा। दरअसल, हाल ही आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों के न्यूनतम कटऑफ मार्क्स हासिल नहीं कर पाने के कारण कई पद खाली रह गए थे। इसे आयोग मैनेजमेंट ने गंभीरता से लिया।

इसके बाद एग्जाम के पेपर पैटर्न के मूल्यांकन के लिए कमेटी का गठन किया। कमेटी की रिपोर्ट पर हुई चर्चा में प्रश्न पत्रों की संरचना और सवालों की कैटेगरी (सरल, मध्यम और कठिन) को नए सिरे से बांटने पर जोर दिया गया।
 साथ ही परीक्षाओं में सामान्य ज्ञान के सवालों के स्तर और उनकी भूमिका पर डिस्कशन किया गया। ताकि भविष्य की परीक्षाओं की कठिनाई का स्तर संतुलित किया जा सके।

रिपोर्ट के विश्लेषण के आधार पर तैयार किए संशोधनों को अब आगामी 'फुल कमीशन' की बैठक में रखा जाएगा। परीक्षा पैटर्न और प्रश्न पत्रों की संरचना में जो भी बदलाव होंगे, उन पर फुल कमीशन की राय के अनुरूप अंतिम निर्णय लिया जाएगा।स्कूल लेक्चरर और कोच भर्ती में राजनीति विज्ञान सब्जेक्ट के 225 पदों पर सिर्फ 6 कैंडिडेट पास हुए थे। गृह विज्ञान के 16 पदों पर 2, चित्रकला में 35 पदों पर 8, पंजाबी में 11 पदों पर 7 कैंडिडेट ही पास हुए थे। समाजशास्त्र में 16 पदों पर 10, उर्दू में 26 पदों पर 23, कॉमर्स में 340 पदों पर 284 अभ्यर्थी पास हुए थे।

पेपर पैटर्न भी बदल सकता है

सहायक आचार्य (संस्कृत शिक्षा विभाग) परीक्षा-2024 के लिए धर्मशास्त्र, ज्योतिष फलित और यजुर्वेद विषय का रिजल्ट जारी हुआ तो इन सब्जेक्ट के लिए एक भी कैंडिडेट पास नहीं हो सका था। इंटरव्यू तक जाने के लिए उन्हें लिखित परीक्षा में मिनिमम 40 प्रतिशत नंबर लाने थे। एक भी कैंडिडेट के न्यूनतम मार्क्स नहीं आए थे। सीनियर टीचर (माध्यमिक शिक्षा विभाग) एग्जाम-2024 के विज्ञान विषय में पात्रता जांच के लिए 296 कैंडिडेट सिलेक्ट हुए थे। विज्ञान सब्जेक्ट के 350 पद थे। न्यूनतम मार्क्स हासिल नहीं करने के कारण पदों के मुकाबले कम कैंडिडेट्स सिलेक्ट हुए थे।

5379487