rajasthanone Logo
Power Cut: जयपुर में दिवाली पर बिजली कटौती नहीं होगी। वहीं 31 अक्टूबर तक मेंटेनेंस पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। फॉल्ट होने पर 30 मिनट में सप्लाई बहाल होगी।

Power Cut: जयपुर में दिवाली के दौरान मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती नहीं होगी। जयपुर डिस्कॉम ने शहर में बिजली लाइनों और ट्रांसफॉर्मर का मेंटेनेंस 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद 1 नवंबर से मेंटेनेंस के लिए शटडाउन नहीं लिया जाएगा। खासकर शहर के मुख्य बाजारों में बिजली सप्लाई चालू रखने पर फोकस रहेगा।

जयपुर डिस्कॉम के एसई नॉर्थ मनोज गुप्ता ने बताया कि सभी एईएन को 31 अक्टूबर तक मेंटेनेंस का काम पूरा करने के लिए कहा है। दिवाली के पांच दिन बाजारों में बिजली सप्लाई की निगरानी के लिए टीमें तैनात रहेंगी। हर ट्रांसफॉर्मर पर नजर रखी जाएगी, ताकि कहीं फॉल्ट होने पर जल्द से जल्द उसे ठीक किया जा सके।

बाजारों में हर ट्रांसफॉर्मर पर रहेगी टीम

दिवाली पर जयपुर के बाजारों में पांच से छह दिन तक रोशनी की सजावट की जाती है। इसे देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक जयपुर आते हैं। इस दौरान बिजली की खपत भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए डिस्कॉम ने बाजारों में बिजली सप्लाई चालू रखने के लिए खास इंतजाम किए हैं।

मनोज गुप्ता ने बताया कि अलग-अलग जोन के एईएन के साथ मीटिंग कर मेंटेनेंस का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दिवाली के दौरान एईएन, जेईएन, एक्सईएन और एसई स्तर के अधिकारी भी बिजली व्यवस्था पर नजर रखेंगे। हर पावर हाउस पर एसई स्तर के अधिकारी मॉनिटरिंग करेंगे। ये टीमें पांच दिन तक तैनात रहेंगी।

फॉल्ट होने पर आधे घंटे में सप्लाई चालू करने की तैयारी

मनोज गुप्ता ने बताया कि बिजली सप्लाई में कोई परेशानी आने पर जल्द ठीक करने के लिए ट्रक पर क्रेन से लगाए जाने वाले ट्रांसफॉर्मर की भी व्यवस्था की गई है। किसी ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने पर जरूरत के हिसाब से इसका इस्तेमाल किया जाएगा। इससे फॉल्ट ठीक होने तक ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कोशिश रहेगी कि करीब आधे घंटे में बिजली सप्लाई दोबारा चालू कर दी जाए।

5379487