rajasthanone Logo
Ramniwas Bagh: जयपुर के रामनिवास बाग में बड़ा बदलाव होगा। वहीं 6.30 करोड़ से फूड चौपाटी बनेगी। वहीं फूड ट्रक से ओपन एयर थिएटर तक सुविधाएं मिलेंगी।

Ramniwas Bagh: रामनिवास बाग में जल्द ही लोगों को फूड, फन और हरियाली का नया स्पेस मिलने वाला है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) यहां करीब 6.30 करोड़ रुपये की लागत से फूड चौपाटी विकसित करने की तैयारी कर रहा है। करीब 5,920 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाली इस चौपाटी में फूड ट्रक, सिटिंग एरिया, बच्चों के लिए प्ले जोन, गार्डन और ओपन एयर थिएटर समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

फूड ट्रक से ओपन एयर थिएटर तक होंगी सुविधाएं

जेडीए के प्रोजेक्ट प्लान के अनुसार, फूड चौपाटी को रामनिवास बाग में मौजूदा स्पोर्ट्स कोर्ट के पास विकसित किया जाएगा। यहां वाहनों और पैदल आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश की व्यवस्था प्रस्तावित है। फूड ट्रक और कियोस्क के लिए करीब 140 वर्गमीटर जगह निर्धारित की गई है, जबकि 662 वर्गमीटर क्षेत्र में सिटिंग एरिया बनाया जाएगा। बच्चों के लिए करीब 600 वर्गमीटर में प्ले एरिया विकसित होगा। वहीं, करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्र में ओपन एयर थिएटर बनाया जाएगा। चौपाटी में गार्डन, पैदल पाथवे, टॉयलेट, पेयजल और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। फूड ट्रकों का डिजाइन राजस्थानी थीम पर आधारित रखने का प्रस्ताव है। इनमें जालीदार नक्काशी, मेहराब और किले की आकृतियों का इस्तेमाल किया जाएगा। यहां चाट, कचौरी, राजस्थानी थाली, फ्यूजन फूड और पेय पदार्थों का कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है।

यह भी पढ़ें- Udaipur Electricity Cut: 29 सितंबर को इन 25+ इलाकों में बिजली रहेगी बंद, जानें समय

प्रोजेक्ट में शाम और रात के समय लाइटिंग पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। स्ट्रिंग लाइट्स, लैम्प पोस्ट, पाथवे लाइटिंग और फसाड इल्यूमिनेशन प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 75 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही इनर और आउटर ग्रीन बेल्ट तथा ग्रीन बफर विकसित किए जाएंगे। जेडीए के लागत अनुमान के मुताबिक, प्रोजेक्ट की कुल लागत 6 करोड़ 29 लाख 82 हजार 400 रुपये है। इसमें सिविल और इलेक्ट्रिकल कार्य के लिए 5.33 करोड़, हॉर्टिकल्चर और लैंडस्केपिंग के लिए 42.60 लाख तथा पांच साल के संचालन और रखरखाव के लिए 30 लाख रुपये शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रोजेक्ट के लिए इसी साल टेंडर जारी करने की तैयारी है।

5379487