Rajasthan Weather: राजस्थान का मौसम विभाग कैसे बदल चुका है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक राजस्थान के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।
तेज आंधी चलने की उम्मीद
मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 जून को नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में कई जिलों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की उम्मीद है। वहीं, तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश का दौर लगातार जारी है। ऐसे में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। राजस्थान की राजधानी जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस कम है। इसके साथ ही अजमेर, अलवर और सीकर समेत कई शहरों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से आने वाले एक सप्ताह तक राज्य के ज्यादातर शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।