Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी का सामना कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही मौसम में बदलाव देखने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग द्वारा राजस्थान के 30 जिलों में आंधी, बारिश और लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 1 जून तक मौसम में लगातार बदलाव होने की आशंका है। वहीं, अगर बीते दिन की बात करें तो राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
जयपुर, झुंझुनूं, भरतपुर, हनुमानगढ़, बीकानेर समेत कई जगहों पर बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, सबसे ज्यादा बारिश झुंझुनूं जिले के मलसीसर में दर्ज की गई, जहां तकरीबन 43 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा कोटपूतली, पिलानी में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।
कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों तक तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इसके साथ ही कई शहरों में बिजली चमकने और बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई जा रही है। अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो वहां कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर अभी भी बना रहेगा। जैसलमेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आंधी और बारिश की वजह से अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही लू की स्थिति भी कमजोर पड़ने की उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग द्वारा मानसून को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। अल नीनो की वजह से जून, जुलाई और अगस्त में वर्षा गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।