Rajasthan Weather: राजस्थान में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात का असर खत्म हो चुका है और मौसम साफ हो गया है। मौसम के इस रुख को देखते हुए अगले तीन से चार दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, जयपुर में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। शनिवार को जयपुर, कोटा सहित कई शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन रात के समय ठंडक बढ़ गई है।
कई जगहों पर सुबह और शाम ठंड महसूस होने लगी
आपको बता दें कि सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम 13 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। दिन में धूप के कारण तापमान बढ़ने के बावजूद रातें ठंडी होने लगी हैं। राज्य की कई जगहों पर सुबह और शाम ठंड महसूस होने लगी है। बाड़मेर, जोधपुर और डूंगरपुर को छोड़कर बाकी जगहों पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, तापमान में गिरावट की वजह से सुबह और रात के समय ठंड का एहसास ज्यादा होने लगा है।
धूप निकलने की वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई
जयपुर की बात करें तो यहां मौसम साफ रहा। दिन में धूप निकलने की वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, आने वाले दिनों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। अगले तीन से चार दिनों तक राजस्थान में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं अब लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं।