Rajasthan Weather: राजस्थान में आज पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने और कई जगहों पर ओलावृष्टि होने की आशंका भी है। ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव किसानों की चिंता बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। बीकानेर और हनुमानगढ़ में ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। वहीं, श्रीगंगानगर और चूरू में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। नागौर, फलोदी और आसपास के इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा, डीडवाना-कुचामन क्षेत्र में भी ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
राजस्थान के मौसम की बात करें, तो जयपुर और भरतपुर संभाग में भी आज और कल बारिश होने की संभावना है। भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और तिजारा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, अलवर, झुंझुनूं और कोटपूतली के कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। वहीं, अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम में होने वाले इस बदलाव को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।







