Rajasthan Weather: राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के चलते लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने आज से राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। ऐसे में 12 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है। बताया जा रहा है कि यह सिस्टम 1 जून तक एक्टिव रह सकता है। वहीं अभी तक लोगों ने काफी ज्यादा गर्मी झेली है। राजधानी जयपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। वहीं श्रीगंगानगर, चूरू और अलवर में ओलावृष्टि और बारिश रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News : राजस्थान में पेट्रोल पंप हड़ताल की चेतावनी, 1 जून से पहले मांगें नहीं मानी तो बढ़ेगा संकट
बीते 24 घंटे की बात करें तो राजस्थान का सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया। यहां का तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा चूरू में 46.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 46.4 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 46.6 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
घर से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो गया
ऐसे में लोगों का दोपहर के समय घर से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो गया था। तेज धूप के चलते दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और बाजारों में भी भीड़ कम देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से राजस्थान में आने वाले तीन दिन तक मौसम बदल सकता है। आंधी और बारिश की वजह से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की आशंका जताई गई है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी
मौसम विभाग ने जयपुर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहें।