Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर का पहला सप्ताह बीतने के बाद भी सर्दी का इंतजार बना हुआ है। राजस्थान में दिन के समय तेज धूप निकलने की वजह से अभी भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। वहीं, सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। बीते दिन यानी शुक्रवार को बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा 37.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आज राजस्थान के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही कहीं भी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
जानें कब बदलेगा मौसम
वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 से 19 नवंबर के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का दौर जारी रह सकता है। आने वाले दिनों में राजस्थान के तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में फिलहाल लोगों को दिन के समय गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका अक्ष समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 70 डिग्री पूर्वी देशांतर और 20 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बना हुआ है।
तापमान में 2 डिग्री तक हो सकती है बढ़ोतरी
इसके अलावा, 10 नवंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, राजस्थान में इस सिस्टम की वजह से फिलहाल किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर राजस्थान के तापमान पर पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, बता दें कि 13 से 19 नवंबर के दूसरे सप्ताह में प्रदेश में बारिश सामान्य से कम रह सकती है। यानी नवंबर के आने वाले दो सप्ताह में राजस्थान में बारिश की संभावना काफी कम है।