Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की विदाई के आखिरी दौर में मौसम ने करवट ले ली है। बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा राजस्थान के उदयपुर तक पहुंच चुकी है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में एक्टिव हुए मौसम प्रणालियों के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में 28 सितंबर को गर्जना, तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मध्य भाग को रास्ता बनाने वाला लो-प्रेशर एरिया और उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में इस तरह के बदलाव नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि 27 सितंबर को कई जगहों पर बारिश देखने को मिली है, वहीं कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। जयपुर और अजमेर संभाग के कई जगहों पर बादल छाए रहे। ऐसे में कई जगहों पर बारिश 0 से 30 मिलीमीटर तक देखने को मिली। वहीं, कई जगहों पर तापमान में गिरावट भी हुई है। इससे लोगों को गर्मी से काफी ज्यादा राहत मिली है।
आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी
जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर के अलावा आज पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर और सीकर में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भी मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 28 सितंबर को बीकानेर संभाग में भी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, दो दिन बाद पूर्वी राजस्थान के कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में 29 सितंबर से और पूर्वी राजस्थान में 30 सितंबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आगामी दिनों में राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी।









