Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने जा रही है। सितंबर के पहले हफ्ते में राजस्थान के कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है। ऐसे में 2 और 3 सितंबर से भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में बारिश का नया तंत्र एक्टिव होने की आशंका जताई जा रही है। आपको बता दें कि सितंबर के दूसरे चरण में मानसूनी गतिविधियों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
पूर्वी इलाकों में बारिश का दौर जारी होने की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 7 सितंबर तक राजस्थान के पूर्वी इलाकों में बारिश का दौर काफी ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर और अजमेर के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, कोटा संभाग और इससे सटे इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में नदी-नालों में उफान और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना
ऐसे में अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में आने वाले दिनों में कमजोर मानसूनी परिस्थितियां बनी रहेंगी। ऐसे में लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है, जहां कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आम जनता और किसानों को सलाह दी है कि वे बारिश और गर्जन के समय बचाव के उपाय अपनाएं और जलभराव वाली जगहों पर जाने से बचें।